- विज्ञापन (Article Top Ad) -
चम्बा , 19 अक्टूबर [ शिवानी ] ! जैसे ही भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की तो भाजपा मंडल चम्बा का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। उसने पार्टी द्वारा चम्बा सदर से प्रत्याशी बदलने की प्रक्रिया को सीधे-साधे चुनौती दे दी है। पवन नैय्यर की टिकट कटने के बाद बहुत से कार्यकर्ता व भाजपा मंडल के पदाधिकारी पवन नैय्यर के समर्थन में उनके घर पहुंचे बाद में चम्बा के मुख्य बाजार में एक आक्रोश रैली निकाली गई। जिसमें पवन नैय्यर की टिकट काटने के विरोध में जमकर नारेबाजी हुई। मुख्य चौक पर पवन नैय्यर ने अपने समर्थकों को संबोधित भी किया। वहीं उन्होंने हाईकमान को 24 घंटे की मोहलत दी कि अगर इस दौरान टिकट बदलाव में कोई गौर नहीं की गई तो आने वाले समय में भाजपा के अधिकतर कार्यकर्ता उनके समर्थन में उतरेंगे और भाजपा को अलविदा कहेंगे। भाजपा मंडल चम्बा के अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि पार्टी ने चम्बा विधायक की टिकट काट कर पार्टी के कार्यकर्ताओं की भावनाओं को पूरी तरह से नजर अंदाज किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चम्बा से अपना प्रत्याशी बनाया है पिछले कई वर्षों से पार्टी में सक्रिय नजर नहीं आई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में जब भाजपा ने पवन नैय्यर को अपना प्रत्याशी बनाया तो जिसे अभी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है वह तथा उसके चंद सहयोगी विपक्ष के साथ मिल गए थे। भाजपा मंडल अध्यक्ष चम्बा विनोद कुमार ने कहा कि पार्टी हाईकमान यह साफ करे कि ऐसा क्या हो गया कि भाजपा विधायक पवन नैय्यर की टिकट काट दी गई। यूं तो व्यापार मंडल चम्बा एक गैर राजनीतिक संगठन है लेकिन बुधवार को सदर विधायक के पक्ष में व्यापार मंडल भी उतर आया। व्यापार मंडल अध्यक्ष चम्बा वीरेंद्र महाजन ने कहा कि सदर विधायक चम्बा पवन नैय्यर का कार्यकाल बेहतरीन रहा है। इस दौरान विकास के ऐसे नये कार्यों को अंजाम दिया गया जिनकी लंबे समय से कमी महसूस की जा रही थी। मंडल के महासचिव स्वप्न महाजन ने कहा कि पार्टी हाईकमान को जनभावनाओं व विधायक के बेहतरीन कार्यकाल को ध्यान में रखते हुए अवश्य बदलना चाहिए। व्यापार मंडल चम्बा के प्रचार सचिव गुंजन मेहरा का कहना है कि भाजपा हाईकमान के इस निर्णय से न सिर्फ भाजपा बल्कि चम्बा का प्रत्येक वर्ग आहत हुआ है। इसलिए भाजपा हाईकमान से व्यापार मंडल चम्बा यह आग्रह करता है कि वह मौजूदा भाजपा विधायक को ही फिर से चुनावी मैदान में उतारे।
- विज्ञापन (Article Inline Ad) -
- विज्ञापन (Article Bottom Ad) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 1) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 2) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 3) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 4) -