चम्बा ! चम्बा-साहू मार्ग पर मछराली के निकट काली माता मंदिर के पास स्कूटी नंबर एचपी 73 2694 दुर्घटनाग्रस्त हुई थी जिसमें दो महिलाएं सवार थी। उन दोनों में से एक महिला का शव उसी समय बरामद कर लिया गया था और एक महिला लापता थी। वहीं लापता महिला के शव को आज सुबह बरामद कर लिया गया है। मंगलवार की सुबह पुलिस ने अग्निशमन और एनडीआरएफ की टीम के साथ मिलकर घटनास्थल पर लापता महिला की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जिस दौरान लापता महिला का शव बरामद हुआ। इस बात की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय अभिमन्यु वर्मा ने की।
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम को चम्बा साहू मार्ग पर मछराली नामक स्थान पर एक स्कूटी सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और उस पर सवार दो महिलाएं भी खाई में जा गिरी थी। जिसमें 32 वर्षीय रीतू पत्नी संजय कश्यप को सोमवार को ही तलाश कर लिया गया था लेकिन दूसरी महिला का शव बरामद नहीं हो पाया था। पुलिस द्वारा लापता महिला का शव करीब रात 10:00 बजे तक तलाशा गया लेकिन उसके शव को तलाशने में सफलता नहीं मिल पाई। जिस दौरान मंगलवार सुबह एक बार फिर से पुलिस, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग ने मिलकर लापता महिला की तलाश की। करीब 5:30 बजे लापता स्कूटी सवार 31 वर्षीय प्रीति पत्नी करण निवासी लुडेरा का शव बरामद कर लिया गया।