चम्बा ! जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चम्बा ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह पर अमर्यादित व अभद्र टिप्पणी करने को लेकर विधानसभा उपाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को कांग्रेसी पदाधिकारियों ने सहायक आयुक्त चंबा के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर विधानसभा उपाध्यक्ष को पद से हटाने की मांग की है। अन्यथा कांग्रेस आगामी दिनों में हर मंच पर विधानसभा उपाध्यक्ष की खिलाफत करते हुए सड़कों पर उतर कर धरना प्रदर्शन करेगी। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई जिला कांग्रेस कमेटी प्रधान नीरज नैय्यर ने की।
राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कांग्रेस का कहना है कि विधानसभा उपाध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री पर अमर्यादित भाषा व अभद्र टिप्पणी की है, जिससे हर एक कांग्रेसी आहत हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 6 बार प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर अथाह विकास करवाया। मगर विधानसभा उपाध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर अभद्र टिप्पणियां कर हरेक कांग्रेसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।