नालागढ़ ! हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वाहन चालकों की लापरवाही के कारण हादसों में लगातार इजाफा होता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम बद्दी- नालागढ़ राष्ट्र उच्च मार्ग कृपालपुर पेट्रोल पंप के नजदीक ओपन बॉडी ट्राला ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। हादसे में बाइक चालक पति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी को गंभीर हालत में नालागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक ट्राला नालागढ़ से पिंजोर की तरफ जा रहा था। वहीं दूसरी तरफ से बाइक सवार दंपति नालागढ़ की तरफ आ रहे थे। कृपालपुर पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचते ही यह हादसा पेश आया। इस हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। मृतक की शिनाख्त स्वारघाट निवासी सोनू राजवान के रूप में हुई है। 28 वर्षीय इस युवक की कुछ ही दिन पहले शादी हुई थी। वह पत्नी के साथ जा रहा था। हादसे में उसकी पत्नी के भी चोट आईं। जिसे गंभीर हालत में नालागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पीजीआई चंडीगढ़ को रेफर कर दिया गया।