सोलन ! जिला पुलिस ने मानव भारती यूनिवर्सिटी के कथित फर्जी डिग्री मामले में एक और गिरफ्तारी की है। पुलिस थाना धर्मपुर में विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार कृष्ण कुमार सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस को इस गिरफ्तारी के बाद उम्मीद है कि मामले को लेकर कई अहम सुराग मिल सकते हैं। जानकारी के अनुसार धर्मपुर थाना में कथित फर्जी डिग्री मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी।
इसके बाद पुलिस ने विवि परिसर को सील कर वहां से भारी मात्रा में दस्तावेज बरामद भी किए थे। इस दौरान विवि की रजिस्ट्रार को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को इस मामले में डिप्टी रजिस्ट्रार व चेयरमैन के बेहद करीबी कृष्ण कुमार सिंह की काफी दिनों से तलाश थी। शुक्रवार को शाम छह बजे जिला हावड़ा, पश्चिम बंगाल निवासी कृष्ण कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक यादव ने इसकी पुष्टि की है।