मंडी के बासा में सातवीं कक्षा की छात्रा ने घर पर पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारण का पता लगाने के लिए छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सातवीं कक्षा में पढ़ रही छात्रा ने किसी बात को लेकर मकान के निचली मंजिल के एक कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली है। कुछ ही देर बाद मृतक छात्रा की दो छोटी बहनों ने कमरे में प्रवेश करने पर पाया कि उनकी दीदी लटक पंखे से लटक रही है।
दोनों बहनों ने बड़ी मुस्तैदी से तेज हथियार लाकर डुपट्टा काट कर उसे नीचे उतार दिया, ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके। लेकिन उसके द्वारा कोई बात न करने पर दोनों बहनों ने पड़ोस के एक व्यक्ति को बुलाया, जो घटना स्थल के नजदीक पशुओं के लिए चारा निकाल रहा था। आवाज सुनते ही व्यक्ति जब अंदर आया तो लड़की की गंभीर हालत देख उसे अन्य ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है योगराज की पांच लड़कियां और एक लड़का है। मृतक लड़की से दो अन्य बड़ी बहनों से छोटी थी। पुलिस थाना प्रभारी सूरम सिंह ने बताया कि 13 वर्षीय छात्रा द्वारा आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।