चम्बा ! कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव को लेकर राज्य सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहने जाने को अनिवार्य बनाने के फैसले के बाद जिला प्रशासन ने भी चंबा जिला में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। चंबा जिला में अनेक महिलाओं को अनुवर्ती कार्यक्रम के तहत सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया है। अब इन महिलाओं के अलावा स्वयं सहायता समूहों को भी मास्क बनाने के इस कार्य में संलग्न किया गया है ताकि समूचे जिले में मास्क की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
भाजपा महिला कार्यकर्ता चंपा शर्मा भी घर में ही मास्क बनाने में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि इस समय करीब 300 मास्क बनाए गए हैं जो लोगों को निशुल्क मास्क वितरित किए जाएंगे। उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि वे कोरोना वायरस के संक्रमण के दौर में मास्क पहनने को अपनी अनिवार्य दिनचर्या का हिस्सा बनाएं ताकि ना केवल हम अपने आप को सुरक्षित रख पाएं बल्कि दूसरों को भी सुरक्षा का कवच देने में कामयाब हो सकें।