- विज्ञापन (Article Top Ad) -
शिमला ! भाजपा हाइकमान का अब यह स्पष्ट संदेश हो गया है कि हिमाचल के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से जयराम ठाकुर ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। इस मामले में धुंधली तस्वीर का परिदृश्य भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रात्रि के अंधेरे में साफ कर दिया। सिरमौर के दौरे से शिमला जाते हुए सोलन के समीप जब शनिवार रात्रि करीब 11 बजे उनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया, तो वाहन से बाहर आकर उन्होंने ऐसी घोषणा कर दी कि भाजपा में वर्तमान मुख्यमंत्री के विरोधियों को चारों खाने चित्त कर दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष की यह घोषणा कोई परोक्ष या इशारों-इशारों में नहीं थी, बल्कि स्पष्ट व जोशिले अंदाज़ में कही गई थी। कार्यकर्ता उनके व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के स्वागत में नारेबाजी कर रहे थे। उस नारेबाजी के बीच नड्डा ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए यह स्पष्ट कर दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का मुख्यमंत्री का चेहरा जयराम ही होंगे। बता दें कि शनिवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सिरमौर जिला के प्रवास पर थे। नाहन में अभिनंदन समारोह में शामिल होने के बाद उन्हें सडक़ मार्ग से सोलन होते शिमला की ओर जाना था। सोलन के भाजपा कार्यकर्ता शाम से ही बेसब्री से उनका इंतज़ार कर रहे थे। हालांकि नड्डा का काफिला रात करीब 11 बजे सोलन से गुजरा। इस दौरान ब्रूरी के समीप उनका इंतज़ार कर रहे भाजपा के अग्रणी संगठनों के कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए डटे रहे। इनमें भाजपा, महिला मोर्चा व युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल थे। इस बीच कई बार कार्यकर्ताओं ने ‘एक बार जयराम जी, बार-बार जयराम जी’ के नारे भी लगाए। कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने उन्हें संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि आप सभी का आभार जो आप इतनी देर रात तक मेरे स्वागत के लिए यहां पर रहे। नाहन से आते हुए जगह-जगह पर स्वागत के चलते यहां पहुंचने में देरी हुई है, लेकिन आप सभी ने जिस गर्मजोशी के साथ मेरा स्वागत किया है उसके लिए सभी का शुक्रिया। इसके पश्चात उन्होंने कहा कि आप सभी ने अभी एक नारा लगाया ‘एक बार जयराम जी, बार-बार जयराम जी’ और मैं प्रदेश में एक इशारा ही देने आया था और आप सभी ने मेरा इशारा समझ लिया है। इसके बाद उनका काफिला शिमला की ओर बढ़ गया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की इस स्पष्टता के बाद आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा के मुख्यमंत्री के चेहरे की चर्चा पर विराम लग गया है।
- विज्ञापन (Article Inline Ad) -
- विज्ञापन (Article Bottom Ad) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 1) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 2) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 3) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 4) -